रायबेरली में शनिवार को कार्यभार ग्रहण करती डीएम शुभ्रा सक्सेना।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। नवागंतुक डीएम शुभ्रा सक्सेना ने शनिवार को बछरावां के चुरवा स्थित हनुमान मंदिर में माथा टेकने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर कोषागार में पदभार संभाला। वर्ष 2009 बैच की आईएएस शुभ्रा हरदोई और शाहजहांपुर में भी डीएम रह चुकी हैं। आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के साथ ही कई जिलों में अन्य पदों पर रह चुकी हैं। शनिवार को उन्होंने रायबरेली में सातवें जिले में बतौर डीएम का कार्यभार संभाला।
चुरुआ बार्डर पर एसडीएम महराजगंज विनय सिंह व सीओ विनीत सिंह ने पुष्प गुच्छ देकर नवागंतुक डीएम का स्वागत किया। कलेक्ट्रेट के कोषागार में डीएम का कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप काम किया जाएगा।
महिलाओं का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में शिथिलता, लापरवाही बरतने वाले अधिकारी व कर्मचारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। आईजीआरएस की शिकायतों का समय से निस्तारण कराकर लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाएगा।
इस मौके पर सीडीओ राकेश कुमार, एडीएम राम अभिलाष, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, बीएसए पीएन सिंह, डीपीआरओ उपेंद्रराज सिंह, पीडी प्रेमचंद्र पटेल, सिटी मजिस्ट्रेट युवराज सिंह, आईएएस व एसडीएम सदर शशांक त्रिपाठी, मुख्य कोषाधिकारी जितेंद्र सिंह ने भी पुष्प गुच्छ देकर नए डीएम का स्वागत किया।