रायबरेली। संपत्ति के लालच में बेटी ने चचेरे भाई के संग मिलकर न सिर्फ पिता को जहर देकर मार डाला, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव का अंतिम संस्कार भी करवा दिया।
घटना के चार माह बाद कोर्ट के आदेश पर मिल एरिया थाने में केस दर्ज किया गया। डीएम के निर्देश पर मिल एरिया पुलिस की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के कासिमपुर बघेल गांव निवासी बाबूलाल की एक जनवरी 2022 को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। गांव में ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक के बेटे सुंदरलाल ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बहन और चचेरे भाई पर पिता को जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया। कोर्ट ने पुलिस को हत्या का केस दर्ज करवा कर जांच करने का आदेश दिया।
कोर्ट के आदेश पर चार अप्रैल को मिल एरिया थाने में बहन और चचेरे भाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हो गया। डीएम ने शव का पोस्टमार्टम कराने का भी आदेश दिया।
कार्यवाहक थानेदार नारायण कुशवाहा ने बृहस्पतिवार को शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ सदर वंदना सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज हुआ है।