हरचंदपुर (रायबरेली)। अमावां ब्लॉक क्षेत्र के डिडौली गांव के पास मंगलवार हरदासपुर दक्षिणी माइनर कट गई। इससे पानी आसपास के खेतों में भर गया। सूचना के बावजूद कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा। इससे किसानों में नाराजगी है। किसानों ने खुद माइनर की कटान को किसी तरह बाधा। कटान होने से 200 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई।
हरदासपुर माइनर की सफाई महज कागजों पर कराई गई है। माइनर में बड़ी-बड़ी घास उगी हुई है। माइनर की पटरियां पूरी तरह से जर्जर हैं। इसकी कभी मरम्मत नहीं कराई गई। मंगलवार रात डिडौली गांव के पास नहर कट गई। इससे रातभर पानी खेतों में भरता रहा।
सुबह जब किसान खेतों की तरफ गए तो धान की फसल पानी से लबालब थी। किसानों ने मिलकर किसी तरह कटान को बाधा, तब तक करीब 200 बीघा धान की फसल में पानी भर गया था। ग्राम प्रधान राजकुमार, समर बहादुर सिंह, अशोक कुमार, माताबदल ने बताया कि माइनर की सफाई में धन का बंदरबांट किया गया है। माइनर में बड़ी-बड़ी घास उगी है। किसानों ने बताया कि यदि फसल में पानी भरा रहा तो फसल सड़ जाएगी।
तृतीय उपखंड के अंतर्गत आने वाली नहरों की सफाई में जमकर हुआ खेल
रायबरेली। सिंचाई दक्षिणी में तृतीय उपखंड के अंतर्गत आने वाली नहरों की सफाई में खूब धन का बंदरबांट हुआ है। यही वजह है कि ज्यादातर माइनर झाड़ियों और घास से पटी हैं।
जब पानी छोड़ा जाता है तो माइनरों में कटान हो जाती है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है। यदि सिल्ट सफाई की जांच करा ली जाए तो बड़ा खेल उजागर हो सकता है। इसी उपखंड के अंतर्गत आने वाली रायपुर महेरी माइनर में पांच बार कटान हो चुकी है, जिसे देखने और सुनने वाला कोई नहीं है।
जानकारी होने पर बंधवा दी कटान
हरदासपुर दक्षिणी माइनर की कटान की जानकारी हुई है। कटान के बंद करा दिया गया है। बजट के हिसाब से माइनरों की सफाई कराई गई है। सफाई में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है।
-सौरभ चौधरी, सहायक अभियंता, सिंचाई खंड दक्षिणी