लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के बहाई गांव में सोमवार को आयोजित शानू मेमोरियल कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में लखनऊ स्पोर्टिंग क्लब की टीम ने नौ विकेट से जीत हासिल की। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को कप व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ऑलराउंडर खिलाड़ी वकार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का खिताब दिया गया।
इससे पहले सेमीफाइनल मैच में लखनऊ स्पोर्टिंग क्लब की टीम प्रताप स्पोर्टिंग क्लब को हराकर फाइनल में पहुंची थी जबकि लालगंज और साहा स्पोर्टिंग क्लब के बीच हुए सेमीफाइनल मैच में साहा ने जीत हासिल की। सोमवार को खेले गए फाइनल मैच में साहा स्पोर्टिंग क्लब के कप्तान फैजल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। पंद्रह ओवरों के मैच में टीम ने सात विकेट खोकर 138 रन बनाए।
दूसरी इनिंग में बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ स्पोर्टिंग क्लब के ओपनर बल्लेबाज इरफान की अर्द्धशतकीय पारी से टीम ने एक विकेट खोकर नौवें ओवर में ही मैच जीत लिया। लखनऊ के खिलाड़ी इरफान को ‘बेस्ट बैट्समैन’ का खिताब मिला जबकि ऑलराउंडर खिलाड़ी वकार ‘मैन ऑफ द सीरीज’ रहे।
राजा और नुसरत ने मैच में अंपायर की भूमिका निभाई। समारोह में अब्दुल बारी, रमेश बहादुर सिंह, डॉ. राजू, मोहम्मद काफी, गयास भाई ने विजेता और उपविजेता टीम को नकद राशि व कप प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।