रायबरेली। करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत के मामले में दोषी गदागंज के अवर अभियंता (जेई) तेज नारायन को निलंबित कर दिया गया है। लाइनमैन बिना किसी सुरक्षा के बिजली के खंभे पर चढ़कर फॉल्ट ठीक कर रहा था। यदि उसने सुरक्षा किट पहनी होती, तो उसकी जान बच सकती थी। इस लापरवाही पर जेई के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सुधांशु दुबे को गदागंज उपकेंद्र का चार्ज सौंपा गया है।
हटवा गांव निवासी सूरजभान (26) संविदा लाइनमैन थे। वह 24 जनवरी की शाम दिलमनपुर नाला पुल के पास बिजली लाइन में फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से पोल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
अधीक्षण अभियंता अविनाश कुमार ने मामले की जांच सलोन के एक्सईएन मनोज कुमार और टेस्ट डिवीजन के सहायक अभियंता शशांक शर्मा को सौंपी गई। जांच रिपोर्ट में जेई की लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।