खीरों। अतरहर गांव में सीसी रोड के निर्माण के दौरान बुधवार को दो गुटों में मारपीट हो गई। बीचबचाव में चौकी प्रभारी सचिन कुमार, महिला सिपाही स्टालिन समेत 10 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रधान के देवर को जिला अस्पताल भेजा गया है। लल्लाखेड़ा चौकी प्रभारी की तहरीर पर 10 लोग नामजद और कई अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अतरहर की ग्राम प्रधान प्रियंका अवस्थी के मुताबिक गांव में सीसी रोड का निर्माण चल रहा है। सीसी रोड का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान विपक्षी महेंद्र मिश्रा समेत अन्य लोग लाठी-डंडे से लैस होकर हमला कर दिया। वहीं, महेंद्र मिश्रा का आरोप है कि प्रधान पक्ष के लोगों की तरफ से मारपीट की गई।
मारपीट में प्रधान पति मनोज अवस्थी उर्फ मोनू, देवर नितेश अवस्थी, पवन शुक्ला, निखिल शुक्ला तथा दूसरे पक्ष के महेंद्र मिश्रा, सर्वेश त्रिवेदी, अनूप तिवारी, अमित तिवारी को चोटें आई। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर नितेश अवस्थी को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
खीरों थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रभारी चौकी लल्लाखेड़ा सचिन कुमार की तहरीर पर प्रधान पति मनोज अवस्थी उर्फ मोनू, देवर नितेश अवस्थी, पड़ोसी पवन शुक्ला, निखिल शुक्ला तथा दूसरे पक्ष के महेंद्र मिश्रा, सर्वेश त्रिवेदी, अनूप तिवारी, अमित तिवारी, अंकित तिवारी, सुभाषिनी त्रिवेदी व अज्ञात कई महिलाओं के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गालीगलौज करने, जानमाल की धमकी देने की एफआईआर दर्ज की गई है। गंभीर रूप से घायल नितेश को छोड़कर शेष आरोपियों का इलाज कराने के बाद शांतिभंग में चालान किया गया है।