ऊंचाहार (रायबरेली)। विधानसभा की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए आईटीबीपी की एक कंपनी सोमवार को ऊंचाहार पहुंच गई। उसे एनटीपीसी में रोका गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जवान क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान करने का संदेश देंगे। चुनावों की तैयारियों को देखते हुए सोमवार की शाम इंस्पेक्टर हरीश पाल के नेतृत्व में आईटीबीपी की एक कंपनी ऊंचाहार पहुंची।
कंपनी में प्रभारी सहित 91 जवान शामिल हैं। कोतवाली पहुंचे जवानों का कोतवाल शिवशंकर सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कंपनी मतदाताओं को निर्भय होकर मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए क्षेत्र में जाकर फ्लैग मार्च करेंगी। साथ ही अराजक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी है। जवानों को एनटीपीसी परियोजना के डीएवी पब्लिक स्कूल में रोका गया है। कोतवाल ने बताया कि आईटीबीपी की एक कंपनी आई है। उनके रहने की व्यवस्था एनटीपीसी में की गई है।
आगामी विधानसभा चुनाव को मद्देनजर सोमवार को सीओ ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के अति संवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया। सीओ महिपाल पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अति संवेदनशील बूथों में बेहटा कला और खजूर गांव का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने महाखेड़ा, हरीपुर, शाहपुर, प्राथमिक विद्यालय बहरामपुर, नोखेराय का पुरवा, पसिया खेड़ा, सराएं कुर्मी, जगतपुर भिचकौरा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों का भ्रमण किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने दलित बस्तियों में बैठक कर लोगों से बिना प्रलोभन के निर्भीक होकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए होने वाले मतदान में प्रतिभाग करने की अपील की। ग्रामीणों से खुराफाती तत्वों पर नजर रखते हुए पुलिस को सूचना देने को कहा। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी का मन बना रहे खुराफाती तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी।