शहर के एकता विहार के पास एक होटल के पीछे गोदाम में बरामद अवैध गैस सिलिंडरों के साथ टीम।
रायबरेली। शहर में एकता विहार के पास संचालित एक होटल के गोदाम में गैस की रिफिलिंग का खुलासा हुआ है। टीम ने गोदाम में छापा मारकर 40 घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए। मौके से 10 रिफिलिंग उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और काफी संख्या में सील सिलिंडर व ढक्कन भी बरामद किए। डीएम के आदेश पर दो कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मुख्यालय शैलेंद्र कुमार ने टीम के साथ होटल के पीछे स्थित गोदाम में छापा मारा। विभिन्न तेल कंपनियों के 40 घरेलू व कॉमर्शियल सिलिंडर बरामद किए गए। जांच के बाद डीएम के आदेश पर साकेत नगर लालगंज निवासी सुरजीत कुमार उर्फ बल्लू गुप्ता और चांदमऊ जगतपुर निवासी दिनेश के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्ररहमान ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम को भेजकर जांच कराई गई तो होटल के पीछे संचालित गोदाम में गैस की रिफिलिंग का मामला पकड़ में आया। दो कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है।