रायबरेली में गुरूवार को सिविल लाईन स्थित हुक्का बार में बरामद हुक्का व अन्य समान के साथ सिटी मजिस
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। सिटी मजिस्ट्रेट जयचंद पांडेय व एसडीएम सदर शशांक त्रिपाठी की टीम ने गुरुवार को शहर के सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में छापा मारा। बिना लाइसेंस से हुक्का बार चलाया जा रहा था। करीब 10 बच्चे हुक्का पीते पकड़े गए। बाद में उन्हें परिवारीजनों का बुलाकर सौंप दिया गया। टीम ने कई फ्लेवर के तंबाकू बरामद करने के बाद उसे नष्ट करा दिया। 10 हजार से अधिक के हुक्के भी बरामद किए गए। अवैध कारोबार पकड़ में आने के बाद रेस्टोरेंट के लाइसेंस को निलंबित करके नोटिस भी दिया गया है। एक नमूना भी सील किया गया है।
गोपनीय सूचना मिलने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग व कोतवाली पुलिस को लेकर सिविल लाइन स्थित डायमंड गोल्ड रेस्टोरेंट में छापा मारा। रेस्टोरेंट में करीब 10 बच्चे हुक्का पीते पकड़े गए। टीम के पहुंचते ही रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई। टीम ने भारी मात्रा में विभिन्न फ्लेवर के तंबाकू बरामद करके तुरंत नष्ट करा दिया। हुक्का बरामद करके कब्जे में ले लिया। बताते हैं कि मीनू नाम की महिला के नाम से रेस्टोरेंट का लाइसेंस एफएसडीए से जारी किया गया था।
लेकिन रेस्टोरेंट के सहारे चोरी से हुक्का बार चलाया जा रहा था। बच्चों के अभिभावकों को बुलाया और बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया। अवैध कारोबार पकड़ में आने के बाद एफएसडीए ने रेस्टोरेंट की संचालिका को नोटिस देकर 14 दिन में जवाब देने के आदेश दिए गए हैं। जवाब आने के बाद लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्र बहादुर यादव मौजूद रहे।
लंबे समय से सिविल लाइन के रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था, लेकिन एफएसडीए के अफसरों व निरीक्षकों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चर्चा तो यहां तक है कि विभाग में पूर्व में तैनात अधिकारियों की मिलीभगत से यह कारोबार चल रहा था। जानकारी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को होने के बाद भी छापेमारी नहीं की गई। हालांकि हुक्का बार पकड़ में आने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
एसडीएम व सिटी मजिस्ट्रेट को अस्पताल चौराहा स्थित पान की दुकानों से मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर गुरुवार को अधिकारियों ने आठ से अधिक पान की दुकानों की गहन जांच की। हालांकि किसी भी दुकान से मादक पदार्थ बरामद नहीं किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी है।
सिटी मजिस्ट्रेट जयचंद पांडेय ने बताया गोपनीय सूचना पर सिविल लाइन स्थित एक रेस्टोरेंट में छापा मारा गया। रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था। कई बच्चे वहां मिले। उनके परिवारीजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द किया गया। संचालक से 23400 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। रेस्टोरेंट का लाइसेंस भी निलंबित कराया गया है। आगे भी अन्य कार्रवाई की जाएगी।