रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार की यूनिट नंबर छह में गुरुवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तकनीकी फाल्ट से भटरबाइन एरिया में आग लगी थी। आनन-फानन सीआईएसएफ के दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग को बुझा दिया। इंजीनियरों की टीम मरम्मत का कार्य कर रही है। इससे बिजली उत्पादन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। इसी यूनिट नंबर में वर्ष 2017 में दर्दनाक हादसा हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार एनटीपीसी ऊंचाहार की 500 मेगावाट वाली यूनिट नंबर छह में बृहस्पतिवार को अचानक आग की लपटें निकलने लगी। यह देख काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सीआईएसएफ के फायर बिग्रेड के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। जवानों ने थोड़ी देर में आग को बुझा दिया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बिजली उत्पादन भी प्रभावित नहीं हुआ। कहा जा रहा है कि यूनिट के टरबाइन एरिया में आग की लपटें उठी थी। इसी यूनिट में एक नवंबर 2017 में बॉयलर फटने से एनटीपीसी के तीन एजीएम समेत 45 लोगों की मौत हुई थी। उधर, एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी पवन मिश्रा का कहना है कि यूनिट में आग नहीं लगी है। बिजली उत्पादन का कार्य हो रहा है।