रायबरेली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका अपनी मांगों को लेकर दो दिसंबर से विकास भवन के सामने धरना दे रहीं हैं। जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन ठप है। कुपोषित बच्चों को विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
मंगलवार को निदेशालय के आदेश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी ने एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष के साथ ही प्रियंका सिंह, रेखा मिश्रा, बीना कुमारी, संपति देवी, सरोज यादव, तारा सिंह, मिथलेश कुमारी, कलावती, सुनीता, प्रीतम, रेनू मिश्रा, मोनी, राजवती, देववती व ऊषा देवी सहित 120 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का मानदेय रोक दिया।
केंद्र संचालित न करने के संबंध में उनसे जवाब भी मांगा गया है। चेतावनी दी कि उत्तर न देने पर सेवा से हटाया जा सकता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी के मुताबिक निदेशालय के निर्देश पर मानदेय रोककर जवाब मांगा गया है। जल्द ही केंद्रों का संचालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, मंगलवार को भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहा। मांगे पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी।