गौरक्षा मंच की ओर से रविवार को अस्पताल चौराहा से ध्वज यात्रा निकाली गई। इसमें सड़क पर उतरे लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारे लगाते हुए देश द्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान शहीद चौक पहुंचकर देश की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप पांडेय की अगुवाई में ध्वज यात्रा अस्पताल चौराहा से खालसा चौक, हाथी पार्क, डिग्री कॉलेज चौराहा होते हुए शहीद चौक पहुंचा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ध्वज यात्रा का उद्देश्य देश प्रेम की भावना को बनाए रखना। साथ ही देश में गुमराह हो रहे युवाओं को संदेश देना है।
जेएनयू जैसी घटना का गौरक्षा मंच पुरजोर विरोध करेगा। संतोष पांडेय ने कहा कि देश के अंदर छिपे देश द्रोहियों को सफाया करने की जरूरत है।
राष्ट्रीय महासचिव आशीष पाठक, उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि देश के कुछ लोगों की वजह से सांप्रदायिक सौहार्द्र प्रभावित हो रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है।