रायबरेली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा के तहत सोमवार को दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन वालीबॉल, क्रिकेट और फुटबाल के सेमीफाइनल मुकाबले कराए गए। एथलेटिक्स की भी स्पर्धाएं हुईं। हालांकि फाइनल मैच 30 नवंबर को खेले जाएंगे। खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में अंडर-17 और ओपन वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले रहीं हैं।
बालकों की वालीबॉल प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल मैच जगतपुर और लालगंज के बीच हुआ जबकि दूसरे सेमीफाइनल मैच में खीरों और डलमऊ की टीमें भिड़ीं। दोनों मैचों में लालगंज और खीरों की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
बालिकाओं की वालीबॉल प्रतियोगिता में पहला सेमीफाइनल मैच हरचंदपुर और अमावां के बीच हुआ जिसमें हरचंदपुर ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल मैच में दीनशाह गौरा को फाइनल में पहुंचने का मौका मिला। दोनों वर्गों के फाइनल मैच कल खेले जाएंगे।
फुटबाल का पहला सेमीफाइनल मैच पूरे पांडेय और सदर के बीच हुआ जिसमें सदर ने 3-1 से जीत हासिल की। दूसरे सेमीफाइनल मैच में ऊंचाहार ने लालगंज को 2-1 से पराजित किया। दोनों विजेता टीमों सदर और ऊंचाहार के बीच मंगलवार को फाइनल मैच खेला जाएगा।
क्रिकेट का पहला सेमीफाइनल मैच पूरे पांडेय और सदर के बीच हुआ जिसमें पूरे पांडेय ने छह विकेट से जीत हासिल की। दूसरा सेमीफाइनल मैच शंकरपुर और ऊंचाहार के बीच मंगलवार को होगा। इसके बाद दोनों सेमीफाइनल मैच की विजेता टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि निर्णायकों में मो. अनीस, पंकज तिवारी, सोमेश, प्रेमशंकर पांडेय, अनिल सिंह, नकुल कुमार, अमन सिंह, रामेंद्र यादव, गुलाब सिंह, दिलीप कुमार, मनोज कुमार, भीमप्रताप सिंह, महताब अली, मो. शोएब खान व सलमान अली आदि शामिल रहे।
खेल, युवा कल्याण, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वय से हो रही प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि बछरावां विधायक रामनरेश रावत और विशिष्ट अतिथि हरचंदपुर ब्लॉक प्रमुख पीयूष प्रताप सिंह ने किया। इस मौके पर एमएल रमन, अजय सिंह चंदेल, लक्ष्मीकांत शुक्ल, रेनू शुक्ला, कमल सिंह व रतिपाल आदि मौजूद रहे।