परशदेपुर (रायबरेली)। नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे लाल पांडेय मजरे राई गांव में मंगलवार सुबह अवैध पटाखा बनाते समय तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया।
धमाका इतना तेज था कि पक्की कोठरी जमींदोज हो गई। वहीं पटाखा बना रहे नाबालिग समेत दो भाई और बगल के खेत में काम कर रहा मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज धमाके से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस अफसरों ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
नसीराबाद के पूरे लाल पांडेय मजरे पूरे राई गांव निवासी दो सगे भाई मो. मासूम (18), एक नाबालिग (14) पुत्र मो. अख्तियार मंगलवार सुबह पटाखा बना रहे थे। पटाखा आबादी के बगल में मो. नसीम के मकान में अवैध रूप से बनाए जा रहे थे। इसी दौरान तेज धमाका हो गया।
धमाके की वजह से कोठरी भरभराकर ढह गई। इससे दोनों भाई मलबे में दब गए। विस्फोट और मलबे की चपेट में आकर घायल होने के साथ ही झुलस भी गए। वहीं गांव के हरिश्चंद्र का छह वर्षीय बेटा कौशल बगल के खेत में लहसुन लगा रहा था। वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्फोट की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को गौरीगंज के असैदापुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के दोनों भाइयों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर नाबालिग भाई को केजीएमयू रेफर कर दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, सलोन एसडीएम शिखा शंखवार, सीओ इंद्रपाल सिंह, नसीराबाद थानेदार दयानंद तिवारी मौके पर पहुंचे और पड़ताल किया। घटना के बारे में चौकीदार सहित गांव के लोगों से पूछताछ की और घायल भाइयों के पिता मो. अख्तियार के घर का ताला तोड़वाकर तलाशी ली, लेकिन घर से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।
ग्रामीणों के मुताबिक मो. अख्तियार और उसके बेटे शादी विवाह से लेकर अन्य कार्यक्रम व त्योहारों पर पटाखे बनाते थे। आसपास के जनपदों में इनके बने पटाखों की सप्लाई होती थी।
थानेदार की लापरवाही बनी हादसे की वजह
एसपी ने निर्देश दिए थे कि सभी थानेदार तस्दीक कर लें कि कहीं पर अवैध तरीके से पटाखा तो नहीं बनाया जा रहा है। लेकिन एसपी के फरमान के बाद पर भी थानेदार ने ध्यान नहीं दिया और यह घटना हो गई।
वहीं सलोन एसडीएम शिखा शंखवार ने क्षेत्रीय लेखपाल संतोष कुमार से लाइसेंस व घटना के बारे में पूछा तो वह कुछ नहीं बता सके। इस पर एसडीएम ने लेखपाल को फटकार लगाई।
पहले इन लोगों के पास लाइसेंस था। एक वर्ष से लाइसेंस रिन्यूवल नहीं कराया गया था। अवैध रूप से पटाखा बनाने का कार्य किया जा रहा था। इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
विश्वजीत श्रीवास्तव, एएसपी