रायबरेली/महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-छह में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की परीक्षा 30 अप्रैल को होगी। परीक्षा में 11,519 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिले में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई जाएगी।
परीक्षा के लिए डलमऊ विकास क्षेत्र में तीन, बछरावां, महराजगंज, अमावां और लालगंज में दो-दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बाकी 13 विकास क्षेत्रों में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जवाहर नवोदय विद्यालय, बावन बुजुर्ग बल्ला के प्रिंसिपल डॉ. एएन राय ने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए 24 केंद्रों पर 30 अप्रैल को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक परीक्षा कराई जाएगी। इसमें 11,519 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर लें।
बिना प्रवेश पत्र परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक हस्ताक्षर कराकर और स्कूल की मुहर लगवा कर लाना होगा।
सावधानी से भरें ओएमआर शीट, जरूरी बातों पर दें ध्यान
कंपोजिट विद्यालय, जरैला में बुधवार को जवाहर नवोदय की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले बच्चों को ओएमआर शीट भरने का तरीका सिखाया गया।
शिक्षक प्रवेश यादव ने बताया कि नवोदय की परीक्षा को लेकर बच्चों में भय रहता है। प्राइमरी स्तर के बच्चों के लिए यह बड़ी परीक्षा होती है।
डर की वजह से बच्चे अक्सर ओएमआर शीट गलत भर देते हैं। सावधानी के साथ ओएमआर शीट भरनी चाहिए। प्रश्न का उत्तर देते समय एक प्रश्न में दो बार गोले नहीं लगाने चाहिए। इस परीक्षा में माइनस मॉर्किंग नहीं होती है। इसलिए बच्चों को पूरे प्रश्न हल करने चाहिए। महत्वपूर्ण बात यह है कि तीन भागों में बंटे प्रश्नपत्र के सभी खंडों में 33 प्रतिशत नंबर पाना अनिवार्य है।