डीह के मतगणना केंद्र का निरीक्षण करते सीओ सलोन, आरओ व अन्य।
- फोटो : RAIBARAILY
डीह (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र में पंचायत चुनाव के बाद होने वाली मतगणना की तैयारियों में अफसर जुटे हैं। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी सलोन और तहसीलदार ने मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया।
कमरों में टेबल लगाकर न्याय पंचायत वार मतगणना कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिया। मतगणना के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क का भी अनुपालन कराने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था के तगड़े इंतजाम के निर्देश दिए।
डीह ब्लॉक क्षेत्र में 40 ग्राम पंचायतें हैं और कुल आठ न्याय पंचायतें हैं। पंचायत चुनाव कराने के बाद मत पेटियों को टेकारी दादू स्थित मॉडल आवासीय विद्यालय में स्ट्रांग रूम बना कर कड़ी सुरक्षा में रखा गया है।
इसी विद्यालय में दो मई को मतगणना का कार्य भी कराया जाना है। इसको लेकर क्षेत्राधिकारी सलोन इंद्रपाल सिंह, तहसीलदार सलोन अजय कुमार व खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह व आरओ गजेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। मतगणना कराने के लिए कमरों का चयन किया।
खंड विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह को हर कमरों में तीन टेबल लगवा कर न्याय पंचायत वार मतगणना कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। सीओ सलोन इंद्रपाल सिंह ने डीह थानाध्यक्ष राकेश सिंह यादव को मतगणना के दौरान पुलिस की खास व्यवस्था करने को कहा। आरओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि मतगणना कराने के लिए प्रति कमरें में तीन टेबल लगवा कर न्याय पंचायत वार मतगणना कराने की व्यवस्था की जा रही है।