जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला का शव शारदा सहायक नहर में मिलने से हड़कंप मच गया। महिला दो दिन से लापता थी। इलाकाई लोग हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बुजुर्ग महिला की मौत की असल वजह सामने आने की बात कह रही है।
डलमऊ रोड जगतपुर की रहने वाली रशमा बाजपेयी (65) दो दिन पहले घर से टहलने के लिए निकली थीं। परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था।
गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने एक महिला का शव शारदा सहायक नहर में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब पड़ताल की तो बेटे पवन बाजपेयी ने शव की पहचान अपनी मां रशमा बाजपेयी के रूप में की।
बताते हैं कि मृतका का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत की सही जानकारी हो सकेगी।