लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के गोगूमऊ गांव स्थित लोन नदी पर बने चेक डैम में मंगलवार को मछली पकड़ने गए एक बुजुर्ग की नदी में डूब जाने की खबर से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम गोताखोरों की मदद से बुजुर्ग को खोजने के प्रयास में जुटी रही। करीब चार बजे मृतक का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चक देवीदीन मजरे गौरारुपई गांव निवासी रामकिशोर (70) वर्ष मंगलवार दोपहर मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर घर से निकला था। शाम तक वापस घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजते-खोजते उसके परिवारीजन देर शाम करीब छह बजे गोगूमऊ गांव के निकट लोन नदी पर बने चेक डैम के पास पहुंचे। जहां बुजुर्ग के कपड़े व चप्पलें पड़ी मिलीं।
परिवारीजनों ने बुजुर्ग के नदी में डूब जाने की आशंका को देखते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम रात हो जाने के कारण रेस्क्यू अभियान अगले दिन शुरू करने का निर्णय लिया। पुलिस व फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीमें स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में बुजुर्ग को ढूंढने में जुटी रही।
घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश पांडे प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में पुलिस बल व फायर ब्रिगेड की टीमें स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर तक खोजबीन में लगी रही। गोताखोरों को करीब चार बजे घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर कनकापुर गांव के सामने नदी के किनारे बांस कोठी में बुजुर्ग का शव फंसा मिला। प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सिंह सेंगर ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।