लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली पुलिस ने चोरों के एक अंतरजनपदीय गिरोह के आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों के कब्जे से एक ट्रक, एक एसयूवी, दो तमंचे समेत भारी मात्रा में चोरी का माल और नगदी बरामद हुई है। पकड़े गए सभी बदमाश कानपुर के रहने वाले हैं।
सीओ लालगंज महिपाल पाठक ने बताया कि बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने तलाशी अभियान चलाकर सेमरपहा बाईपास के पास से आठ लोगों को पकड़ा।
इनकी पहचान कानपुर के किदवई नगर निवासी अख्तर हुसैन व राजू उर्फ महताब, घाटमपुर निवासी राजकुमार, रायपुरवा निवासी विजय प्रकाश साहू, ईटारा सचेंडी निवासी राकेश चौहान, संजय सिंह लोनिया व मनोज सिंह और भामसेन पनकी निवासी ओम प्रकाश उर्फ बंटी के रूप में हुई है।
ये लोग गिरोह बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह का सरगना अख्तर हुसैन है। शातिर कार के जरिए पहले मोहल्लों में रेकी करते थे। इसके बाद गैंग के अन्य साथी वारदात को अंजाम देते थे।
पूछताछ में बदमाशों ने खुलासा किया है कि रेकी के दौरान जहां कहीं किसान खेतों में होते थे तो वह उनके घरों को निशाना बनाते थे। सुनसान इलाकों में वह हाईटेंशन लाइन के तारों की चोरी कर लेते थे। आरोपियों के विरुद्ध खीरों मिल एरिया, उन्नाव, कानपुर जिलों में दर्जनों केस दर्ज हैं।