रायबरेली। रायबरेली विकास प्राधिकरण के सभागार में महायोजना-2031 को लेकर लगी प्रदर्शनी में आपत्तियों की संख्या बढ़ गई है। सोमवार को व्यापारियों ने शहर की घनी आबादी के सब्जीमंडी रोड को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। महायोजना में सड़क की चौड़ाई 18 मीटर प्रस्तावित किए जाने के बाद व्यापारी परेशान हो गए हैं, क्योंकि सड़क चौड़ी होने के बाद सैकड़ों व्यापारियों की रोजी-रोटी छिन जाएगी।
सोमवार को आरडीए पहुंचकर उद्योग व्यापारी प्रतिनिधि मंडल के बसंत सिंह बग्गा, मुकेश रस्तोगी, मनोज गुप्ता और अतुल श्रीवास्तव ने आपत्ति दर्ज कराई है। व्यापारियों ने सब्जी मंडी रोड की चौड़ाई को 10 मीटर ही रखे जाने की मांग की। आरोप लगाया कि घंटाघर से रेलवे स्टेशन मार्ग से सब्जी मंडी रोड निकलती है। यह रोड कहारों का अड्डा के पास मुख्य मार्ग में जुड़ जाती है। सब्जी मंडी रोड पर सैकड़ों छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी चलती है। यह घनी आबादी वाला क्षेत्र है। महायोजना में सड़क की चौड़ाई 18 मीटर प्रस्तावित की गई है। घनी आबादी होने के कारण इस रोड पर लोगों के पूरे प्लाट को व्यवसायिक कर दिया जाए। उसमें नौ मीटर सड़क, छह मीटर पार्किंग की व्यवस्था करने के बाद लोगों की दुकानें खत्म हो जाएंगी, इसलिए चौड़ाई को 10 मीटर ही रखा जए।
इससे पहले हाईवे पर डिडौली पुल से मुंशीगंज तक के क्षेत्र के पूरी तरह से व्यावसायिक घोषित किए जाने की मांग की गई है। शहर के हाथी पार्क से खालसा चौक तक के क्षेत्र को व्यावसायिक घोषित कराने के लिए अवतार सिंह छाबड़ा ने आपत्ति दर्ज कराई है। जिस पर हाथीपार्क से खालसा चौक तक 500 मीटर व्यावसायिक घोषित करके कुछ एरिया को छोड़ा गया है। उसे भी व्यावसायिक की श्रेणी में शामिल करने की मांग की जा चुकी है। सहायक अभियंता मो. अहमद ने बताया कि 13 जुलाई तक आने वाली आपत्तियां और सुझावों के निस्तारण के लिए कमेटी बनेगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद महायोजना-2031 फाइनल होगी।