लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के चचिहा प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को छात्रों के अभिभावकों ने टीसी न निर्गत करने व कई महीनों से मिड-डे मील न बनने के कारण अभिभावकों ने हंगामा काट दिया। सुबह से ही पहुंचे छात्रों के परिवारीजनों ने स्कूल में ताला बंद कर दिया, जिससे विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
आननफानन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर पहुंचे सदर व खीरों के खंड शिक्षा अधिकारियों ने आक्रोशित अभिभावकों को समझा बुझाकर विद्यालय का ताला खुलवाया। शिक्षकों को तत्काल टीसी निर्गत करने के निर्देश दिए। साथ ही अगले दिन से मिड-डे मील शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
स्कूल के प्रधान शिक्षक अमर बहादुर सिंह के मार्च माह में सेवानिवृत्त होने के बाद विद्यालय में तैनात वरिष्ठ शिक्षिका बीनू सिंह परिहार को चार्ज मिलना था।
समस्या बताकर शिक्षिका ने प्रधानाध्यापक का चार्ज लेने मना कर दिया। जिससे विद्यालय में कई माह से मिड-डे मील बनने से लेकर कक्षा पांच उत्तीर्ण छात्रों को टीसी निर्गत नहीं की जा सकी।
कई दिनों से टीसी बनवाने के लिए चक्कर काट रहे अभिभावकों ने बृहस्पतिवार को स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे विद्यालय की शिक्षिकाएं देर तक बच्चों के साथ स्कूल के बाहर बैठी रही।
ग्रामीणों की सूचना पर जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर जांच करने पहुंचे सदर के खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार कनौजिया, खीरों खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने करीब 11:30 बजे स्कूल पहुंचकर ताला खुलवाया। अभिभावकों से उनके बच्चों की तत्काल टीसी निर्गत करने का आश्वासन दिया। साथ ही अगले दिन से मिड-डे मील की व्यवस्था सुचारु रूप से चलाने को कहा।
खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार कनौजिया ने बताया कि टीसी निर्गत करने के लिए कनिष्ठ शिक्षिका मोनिका दीक्षित को अधिकृत किया गया है। वरिष्ठ शिक्षिका बीनू परिहार ने चार्ज लेने से मना किया है। पूरे प्रकरण की जांच की गई है। जिसकी लिखित रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपी जाएगी।