रायबरेली। आखिरकार शहर क्षेत्र के 10 मोहल्लों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना शुरू कर दी गई। योजना का संचालन होते ही टीमें घर-घर जाकर कूड़ा उठाने का काम करेंगी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द अन्य मोहल्लों में योजना का संचालन शुरू होगा।
शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए इस बार डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना की जिम्मेदारी कानपुर की दीक्षांक संस्था को दी गई है।
संस्था के सचिव बृजेश यादव ने बताया कि पहले फेज में नगर क्षेत्र के नेहरू नगर, अमरीशपुरी कॉलोनी, जहानाबाद, प्रभु टाउन, नया पुरवा, इंदिरा नगर, आनंद नगर, फिरोज गांधी कॉलोनी, प्रकाशनगर, सत्यनगर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन योजना शुरू की गई है।
कूड़ा उठाने पर प्रति घर से 50 रुपये प्रतिमाह लिए जाएंगे। जल्द शहर क्षेत्र के 34 मोहल्लों में इस योजना की शुरुआत कराई जाएगी। ईओ डॉ. आशीष कुमार सिंह ने बताया कि योजना की निगरानी कराई जाएगी, ताकि काम सही तरीके से हो सके। इस योजना के शुरू होने से लोगों को लाभ मिलेगा।