रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए गणित ओलंपियाड कई चरण में आयोजित होगा। विद्यालय और ब्लाॅक स्तर पर गणित ओलंपियाड कराया जा चुका है, जिनमें सफल हुए बच्चों को अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना है। इसके लिए 13 अक्तूबर की तिथि तय की गई है।
पहले चरण में विद्यालय स्तर पर गणित ओलंपियाड कराया गया। इनमें जिन बच्चों ने 70 फीसदी अंक प्राप्त किए, उन्हें ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला। जिले के सभी विकास क्षेत्रों में ब्लाॅक स्तरीय परीक्षा कराई जा चुकी हैं, जिनमें 75 फीसदी अंक अर्जित करने वाले बच्चों को जिला स्तर के लिए चयनित किया गया है। गणित ओलंपियाड की नोडल व डायट प्रवक्ता किरन कुशवाहा ने तीसरे चरण में 13 अक्तूबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी, जिनमें चुने गए बच्चों को डायट की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। ब्लाॅक स्तर पर चयनित हुए बच्चों की सूची मंगाई जा रही है, ताकि पता चल सके कि जिला स्तर पर कितने बच्चे प्रतिभाग करेंगे।
ब्लॉक स्तर पर उत्साह से शामिल हुए बच्चे
डीह/लालगंज/महराजगंज। विकास क्षेत्र स्तर पर हुए गणित ओलंपियाड में बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। ब्लाक संसाधन केंद्र डीह में हुई प्रतियोगिता में बिरनावां के नवी हसन व इमरान, पूरे जालिम के अनुज मिश्रा व सचिन मिश्रा, परसदेपुर के प्रिंस साहू व मो. सरताज, थौरी के आशु भारती व मयंक, बेतौरा की पल्लवी तिवारी, बहुतई की आराधना ने सफलता अर्जित की। लालगंज के प्राइमरी स्कूल दतौली में हुए ब्लॉक स्तरीय आयोजन में 54 बच्चे शामिल हुए। खंड शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त बच्चे जिला स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। ब्लाॅक संसाधन केंद्र महराजगंज में हुए गणित ओलंपियाड में 49 बच्चों ने प्रतिभाग किया। खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने बताया कि डोमापुर, टीसाखानापुर, अंदूपुर, दौतरा, हसनपुर, सलेथू के स्कूलों से बच्चे नहीं आए। इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। ओलंपियाड में कुशमहुरा के छात्र अमरेंद्र ने प्रथम, मऊ गर्वी के शुभम ने द्वितीय, मोन की आंचल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है।