रायबरेली। जिले में बुखार और डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। बुधवार को डेंगू के चार केस मिले। इनमें सरेनी, डलमऊ, ऊंचाहार व बछरावां में एक-एक मरीज हैं। इसमें से तीन मरीजों की रिपोर्ट जिला अस्पताल की लैब से आई है, जबकि एक मरीज लखनऊ में हुई जांच में संक्रमित मिला।
एक मरीज को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के अन्य वार्डों में मरीजों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। जिले में अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी रितू श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती बछरावां क्षेत्र के मरीज की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। मरीज स्वस्थ बताया जा रहा है।
इसके अलावा जिला अस्पताल की लैब में सरेनी, डलमऊ और ऊंचाहार क्षेत्र के एक-एक मरीज की जांच की गई। तीनों डेंगू संक्रमित पाए गए। ऊंचाहार के संक्रमित मरीजों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जिले में अब तक डेंगू के 11 मरीज मिले चुके हैं। जिला अस्पताल के वार्ड भी फुल हो गए हैं। भर्ती होने वाले मरीजों में सबसे अधिक बुखार से ग्रसित हैं। मरीजों का इलाज हो रहा है। जिले में डेंगू व संक्रामक बीमारियों के नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
बारिश के बाद भी ओपीडी में रही भीड़
जिले में दिनभर बारिश होने के बाद भी जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। परचा काउंटर से लेकर दवा खिड़की तक लंबी लाइन रही। ओपीडी गेट पर मरीजों को चिकित्सकों से सलाह लेने के लिए इंतजार भी करना पड़ा। बारिश के कारण जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं का अंबार रहा। इससे मरीजों को परेशानी भी हुई।