जगतपुर (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात बरात में शामिल होने आए कोटेदार की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। साथ ही गाड़ी में तोड़फोड़ की। पुरानी रंजिश में हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भदोखर के कलसहा निवासी कोटेदार विनोद कुमार ने जगतपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह दुर्गा बकस का पुरवा मजरे रामगढ़ टिकरिया में बरात में शामिल होने आया था।
लौटते समय कलसहा गांव के ही आशुतोष, समर बहादुर, तेज बहादुर, संजय व पांच अज्ञात लोग कार में तोड़फोड़ करने लगे। विरोध किया तो सभी लोगों ने लाठी-डंडों से लैस हमला बोल दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। जगतपुर कोतवाल हरिकेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाड़ी में तोड़फोड़ किए जाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।