महराजगंज-डीह (रायबरेली)। वाहनों की रफ्तार में बुजुर्ग समेत दो लोगों की सांसें थम गईं। महराजगंज और डीह थाना क्षेत्र में हुए हादसे की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
बछरावां कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर गांव निवासी रामलखन (60) बुधवार रात कहीं निमंत्रण में शामिल की बात कहकर घर से पैदल निकला था।
इस दौरान किसी वाहन ने बछरावां कोतवाली क्षेत्र के घुरौना-राघोपुर मार्ग पर घुरोंना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास टक्कर मार दी, जिससे रामलखन की मौत हो गई।
जानकारी मिलने पर बहन सुमन ने पहुंचकर शव की पहचान रामलखन के रूप में की। बुजुर्ग की मौत से बेटे बाबूलाल समेत अन्य परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
डीह थाना क्षेत्र के खौसनहा मजरे सूची गांव निवासी अनिल कुमार (29) गुरुवार दोपहर किसी काम से सूची-सलोन मार्ग पर साई बाबा पुल के पास गया था।
वापस आते समय किसी वाहन ने अनिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलोन ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सलोन कोतवाल संजय त्यागी का कहना है कि तहरीर पर मामले में केस दर्ज किया जाएगा।