डलमऊ (रायबरेली)। सिंचाई विभाग के अफसरों की उदासीनता के चलते किसानों की मेहनत पानी में तबाह हो रही है, लेकिन इस ओर अफसर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
डलमऊ क्षेत्र से होकर निकली दीनगंज माइनर की पटरी कट गई। इससे करीब 100 बीघा खेतों में पानी भर गया। किसानों ने नहर कटने की सूचना दी।
इसके बावजूद सिंचाई विभाग के अफसर व कर्मचारी नदारत रहे। अंत में किसानों ने किसी तरह कटान को बाधा। विभागीय अफसरों की मनमानी से किसानों में आक्रोश है।
एनटीपीसी गंग नहर से दीनगंज माइनर निकली है। शनिवार रात माइनर में अधिक पानी छोड़े जाने के चलते दीनगंज गांव के पास माइनर की पटरी कट गई। सुबह किसान खेत की तरफ गए तो गए तो खेत पानी से लबालब भरे मिले।
किसानों का कहना है कि नहरों की सिल्ट सफाई सहायक अभियंता व अवर अभियंता की निगरानी में कराई जाती है। इसके बावजूद सफाई में खानापूर्ति की गई।
यही वजह है कि आए दिन कहीं न कहीं माइनर कट रही है। किसान श्रीपाल, अवधेश कुमार, राम सजीवन, जियालाल ने बताया कि अभी सफाई मनमानी हुई है।
अजय कुमार, जयकरन, रघुवीर, संदीप कुमार, रामलोटन, रामनरेश तिवारी आदि ने बताया कि फसल में पानी भरने की वजह से उत्पादन पर असर पड़ेगा।
किसानों ने सिल्ट सफाई की जांच कराकर दोषी अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, सिंचाई विभाग खंड दक्षिणी के अधिशासी अभियंता हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि जानकारी नहीं है। कर्मचारियों को भेजकर माइनर कटान को बंधवाया जाएगा।