रायबरेली। जिले के 900 परिषदीय विद्यालयों में टाइल्स लगाने का काम किया जाएगा। इससे स्कूल काफी बेहतर बन सकेंगे। क्लास रूम की सुंदरता बढ़ जाएगी।
प्रत्येक ग्राम पंचायत के किसी एक स्कूल में टाइल्स लगाने के निर्देश दिए गए थे। खंड शिक्षा अधिकारियों ने 900 विद्यालय चिह्नित किए हैं। इन विद्यालयों में ग्राम पंचायतों से ऑपरेशन कायाकल्प के तहत काम कराया जाएगा।
जिले में परिषदीय विद्यालयों का संख्या 2298 है, जिसमें से 900 विद्यालयों में टाइल्स लगाने का काम कराया जाना है। अप्रैल महीने में प्रत्येक ग्राम पंचायत के एक स्कूल में टाइल्स लगाने का फैसला लिया गया था।
इस काम को पूरा कराने की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को दी गई थी। किन-किन विद्यालयों में काम कराया जाना है, यह बताना बेसिक शिक्षा विभाग का काम था।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से हर ग्राम पंचायत से ऐसे किसी एक स्कूल को चिह्नित कर सूची मांगी थी, जहां टाइल्स लगाने की जरूरत सबसे ज्यादा है।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की सूची आ गई है, जिसमें 900 विद्यालय चिह्नित किए गए हैं। इन विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत टाइल्स लगवाए जाएंगे।
बीईओ से कहा गया है कि वे बीडीओ और एडीओ पंचायत से समन्वय स्थापित कर चिह्नित विद्यालयों में टाइल्स लगवाने का काम कराएं।
जिला समन्वयक (निर्माण) सत्यम वर्मा ने बताया कि राही विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पूरे फेरू में टाइल्स लगाने का काम शुरू हो गया है। बाकी स्कूलों में भी जल्दी टाइल्स लगाने का काम शुरू हो जाएगा। चिह्नित विद्यालयों में सभी कक्षा कक्षों में टाइल्स लगाया जाएगा।