बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार की रात बाइक सवार शिक्षक ओवरब्रिज से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिक्षक बाइक से लखनऊ से घर वापस लौट रहा था। युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के साकेत नगर मोहल्ले के रहने वाले प्रभु शंकर त्रिवेदी का 26 वर्षीय पुत्र तन्मय त्रिवेदी सिद्धार्थ नगर जिले के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक था। रात करीब 11 बजे बाइक से लखनऊ से वापस घर जा रहा था। लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बछरावां कस्बे में ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तन्मय त्रिवेदी ओवरब्रिज से लगभग 40 फुट नीचे जा गिरा। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने जानकारी बछरावां पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।