कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की तड़के एक मौरंग लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इससे दरवाजे पर सो रही रिटायर एएनएम ट्रक के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जेसीबी की मदद से दो घंटे बाद बुजुर्ग महिला का शव बाहर निकाला गया।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के बाबूजी का पुरवा मजरे नूरुद्दीनपुर निवासी इंद्राणी देवी (61) पत्नी आजाद मिश्रा एएनएम थी। पिछले साल वह सेवानिवृत हुई थीं। उसका एक मकान बरुआ चौराहे मजरे नूरुद्दीनपुर में हैं।
गुरुवार की रात बड़ा बेटा पप्पू और अन्य परिवारीजन बाबूजी का पुरवा स्थित घर में थे, जबकि इंद्राणी अकेले बरुआ चौराहा स्थित मकान के सामने सो रही थी। शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे सलोन की ओर से आ रहा एक मौरंग से ओवरलोड ट्रक होकर महिला के ऊपर पलट गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रक पर लदी मौरंग मकान और उसमें बनी एक दुकान के अंदर घुस गई। घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी से मौरंग और ट्रक को हटवाकर महिला का शव निकलवाया गया।
कोतवाल अमरसिंह रघुवंशी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक और उसका क्लीनर फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
....तो जा सकती थी कई लोगों की जान
जिस जगह घटना हुई उससे कुछ दूरी पर ही कई परिवारों के लोग एक कतार से अपने-अपने दरवाजे पर सो रहे थे। लोगों का कहना है कि यदि ट्रक कुछ आगे पलटता तो एक साथ कई लोगों की जान जा सकती थी। जब लोगों को हादसे का पता चला तो उनके होश उड़ गए।
हादसे में पुलिस है बराबर दोषी
सलोन-प्रतापगढ़ मार्ग पर रातोदिन मौरंग और बालू के ओवरलोड ट्रक फर्राटे भरते हैं। यही नहीं सुबह के वक्त चालक खलासी से ट्रक चलवाते हैं और खुद सो जाते हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस और आरटीओ सख्ती दिखाए तो हादसों में कमी आ सकती है, जबकि यहां तो ट्रक चालकों से वसूली करके उन्हें नियमों को तोड़ने की छूट दी जा रही है। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।