रेलवे स्टेशन पर मासूम के साथ हुए रेप के मामले का जीआरपी ने मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। जबकि वारदात का मुख्य आरोपी उसका प्रेमी फरार है।
एसपी जीआरपी की मानें तो पकड़ी गई महिला ने 50 रुपये के लालच में अपने प्रेमी को मासूम बच्ची सौंप दी थी। प्रेमी ने मासूम को गंगागंज ले जाकर उसके साथ रेप किया था। एसपी का दावा है कि फरार मुख्य आरोपी की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी जीआरपी सोनिया सिंह ने पुलिस कार्यालय में मंगलवार को वारदात के खुलासे की जानकारी दी। एसपी के मुताबिक इस मामले में सहयोगी महिला कमलेश को पकड़ा गया है, जबकि उसका प्रेमी दशरथ पटेल निवासी सरदार सिंह का पुरवा थाना जगतपुर फरार है।
कमलेश ने पति को छोड़कर दशरथ के साथ रहने लगी थी। अभी दोनों की शादी नहीं हुई थी। एसपी ने बताया कि गोंडा की रहने वाली महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह अपनी तीन बच्चियों के साथ मायके अपने भाइयों को राखी बांधने गई थी और गलती से दूसरी ट्रेन पर बैठकर रायबरेली रेलवे स्टेशन आ गई थी।
साथ में उसके तीन बेटियां उसकी थी। उसके पास रुपये भी नहीं थे। बिना टिकट ट्रेन से रायबरेली 20 अगस्त को पहुंची थी। एसपी ने बताया कि उसकी एक बेटी की तबियत खराब हो गई थी। इस पर पीड़िता की मां ने मासूम बेटी को सहयोगी महिला कमलेश के पास छोड़ दिया था।
वह बेटी का इलाज कराने अस्पताल पहुंच गई, इधर मुख्य आरोपी ने प्रेमिका को 50 रुपये का लालच देकर मासूम को ले लिया। एसपी ने बताया कि इसके बाद मुख्य आरोपी को हरचंदपुर क्षेत्र के गंगागंज ले गया और रेप किया।
इसके बाद उसे लेकर यहां स्टेशन आ गया। एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी की धरपकड़ के लिए टीम लगाई गई है। इस मौके पर एसपी रायबरेली विनय यादव, जीआरपी सीओ आरडी यादव, थानेदार कंचन सिंह भी मौजूद रही।
मासूम के साथ हुए रेप के मामले के खुलासे से जाहिर है कि जीआरपी के अधिकारियों ने तूल पकड़ रहे मामले को दबाने की कोशिश की। ऐसे में जीआरपी के खुलासे पर सवाल उठना लाजिमी है। आरोपी पकड़ा नहीं गया और जीआरपी ने इस वारदात का खुलासा कर दिया, जो किसी के गले नहीं उतर रहा है।
बताया जा रहा है कि उच्चाधिकारियों के दबाव के चलते अफसरों ने सहयोगी महिला को ही पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया। मुख्य आरोपी अब तक सलाखों से दूर है। एसपी सोनिया सिंह ने भी माना कि खुलासा जल्द हुआ है, लेकिन उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी जल्द पकड़ा जाएगा।
जीआरपी दावा कर रही है कि मासूम के साथ रेप करने में एक व्यक्ति शामिल था, लेकिन पकड़ी गई महिला ने इस दावे को झूठा साबित कर दिया। खुलासे के दौरान महिला ने बताया कि एक तो उसका प्रेमी था और दूसरा एक बुजुर्ग था। यही दोनोें मासूम को लेकर गए थे। पर जीआरपी का कहना है कि रेप करने में एक ही व्यक्ति था।
खुलासे के दौरान पीड़िता की मां मौजूद थी। पति की मौत के बाद वही तीन बच्चों की किसी तरह परवरिश कर रही है। बेटी के साथ हुई घटना को वह भूल नहीं पा रही है। पूछताछ में उसका कहना था कि हमका तो इंसाफ चाही। घटना करै वालेय का जेल मा जरूर जाई का चही। तबहीं हमका सकून मिली।