रायबरेली में गुरुवार को खीरों थाना क्षेत्र के दूलापुर गांव के पास नहर किनारे युवक और युवती का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
खीरों थाना क्षेत्र में बुधवार रात प्रेमी युगल ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह पुरवा ब्रांच के किनारे दोनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटनास्थल से जहरीला पदार्थ की डिबिया, पेड़ा और मोबाइल बरामद हुआ। थानेदार अनिल सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया। अधार कार्ड के जरिए दोनों की पहचान हो सकी।
एसपी हरिनारायण सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसओ के अनुसार खीरों थाना क्षेत्र के नोनैरा गांव की रहने वाली रोशनी (18) पुत्री रामबक्श लोधी और उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र के बनिगांव निवासी अजय कुमार (20) पुत्र अयोध्या प्रसाद लोधी के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों मौसेरे-भाई बहन थे।
इस पर लड़की पक्ष ने शादी करने से इंकार कर दिया था। बुधवार रात में दोनों घर से भागे थे, लेकिन कहीं जाने के बजाय खुदकुशी कर ली। खीरों क्षेत्र के दूलापुर गांव के पास पुरवा ब्रांच के किनारे किसान जगन्नाथ पाल के खेत में दो शव पडे़ दिखाई दिए।
प्रेमी की पहचान उसके जेब से मिले अधार कार्ड के जरिए हुई। वहीं प्रेमिका की पहचान ग्रामीणों ने की। मौके से जहरीला पदार्थ की डिबिया, पेड़ा, मोबाइल मिला है। रोशनी का पिता रामबक्श पंजाब में भट्ठे में नौकरी करता है। पिता के मुताबिक बुधवार की रात करीब 10 बजे तक रोशनी घर पर थी।
हम लोग खाना खाकर सो गए। बाद में रोशनी कहाँ और कब बाहर गई उसे जानकारी नहीं हुई। सुबह हम लोग खेतों में काम करने चले गए तो घटना की सूचना मिली। वही प्रेमी अजय के छोटे भाई दुर्गेश ने बताया कि उसका भाई अजय मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता था। 15 जून को गांव आया था।
बुधवार शाम वह घर से बुआ के यहाँ पुरवा जाने की बात कहकर पैदल निकला था। वह यहाँ कब पहुंचा मुझे कोई जानकारी नहीं है। सुबह हम लोगों को घटना की जानकारी मिली। थानेदार अनिल सिंह ने बताया कि मृतका रोशनी के पिता रामबक्स ने घटना की तहरीर दी है। जिसमें कहा है कि उसकी बेटी रोशनी और मेरे साढ़ू के लड़के अजय के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों ने खुदकुशी कर ली है।