जगतपुर ब्लॉक के मनिहरशर्की कोटेदार के खिलाफ अनाज की कालाबाजारी मामला प्रकाश में आया है। ऊंचाहार आपूर्ति निरीक्षक ने जांच के बाद आरोप सही मिलने पर कोटेदार के खिलाफ गदागंज थाने में आवश्यक वस्तु एवं खाद्य अधिनियम के तहत कोटेदार राजाराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
ऊंचाहार आपूर्ति निरीक्षक विवेक श्रीवास्तव ने बीते दिन मनिहरशर्की सार्वजनिक वितरण प्रणाली दुकान की जांच की थी। इसमें डेढ़ क्विंटल गेहूं, दो किग्रा चावल, 56 किग्रा चीनी और 115 लीटर केरोसिन का हेरफेर पकड़ में आया। आपूर्ति निरीक्षक ने मामले की जांच आख्या जिला आपूर्ति अधिकारी को सौंपी।
डीएम के निर्देश पर जिला आपूर्ति अधिकारी वीआर अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। मामले में आपूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ अनाज कालाबाजारी करने का मुकदमा पंजीकृत कराया। उन्होंने बताया कि स्टॉक रजिस्टर में मिलान के दौरान यह धांधली पकड़ी गई है। जल्द ही कोटा को दूसरी दुकान से संबद्ध करा दिया जाएगा।
बछरावां कोतवाली पुलिस की ओर से पिकअप में पकड़े गए 57 बोरा अनाज की जांच शुरू कर दी गई। महराजगंज आपूर्ति निरीक्षक मोबीनुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि अनाज किस कोटेदार के यहां का है, इसकी जांच की जा रही है। कोटेदार के स्टॉक रजिस्टर से मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अनाज किस कोटेदार का है। जल्द ही इसकी रिपोर्ट डीएसओ को सौंपी जाएगी।