पुलिस की पिटाई से जख्मी विक्षिप्त युवक को शनिवार को एसपी आॅफिस लेकर पहुंचे ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
चोरी करने के शक में शुक्रवार को पकड़े गए एक विक्षिप्त युवक को हरचंदपुर पुलिस ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। थाने में ही एक कोने में पड़ा युवक दर्द से कराहता रहा मगर पुलिसकर्मी नहीं पसीजे। इस बीच बेटे के लापता होने पर गुमशुदगी दर्ज कराने पिता थाने गया तो वहां उसे अधमरा पड़ा देख सन्न रह गया।
पुलिस की बर्बरता से भड़के गांव के लोग विक्षिप्त को लेकर पुलिस ऑफिस पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। एसपी के दफ्तर में नहीं मिलने पर ग्रामीण उनके आवास पहुंच गए और वहां भी प्रदर्शन कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसपी ने मामले में जांच कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के पूरे बदल मजरे कठवारा गांव निवासी रामचंदर का विक्षिप्त पुत्र प्रेमनाथ (30) शुक्रवार से लापता था। काफी तलाशने पर भी कुछ पता नहीं चलने पर रामचंदर शनिवार को गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचा। जहां कोने में पड़ा प्रेमनाथ दर्द से कराहता मिला। ये देखकर रामचंदर के होश उड़ गए। रामचंदर का आरोप है कि पुलिस ने उसके बेटे को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया है। काफी चोटें आने पर भी उसका इलाज तक नहीं कराया।
पुलिस के इस रवैये से भड़के ग्रामीण प्रेमनाथ को लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे और वहां पुलिस के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। एसपी के नहीं मिलने पर ग्रामीण उनके आवास पर पहुंचे और वहां भी प्रदर्शन करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज कराने की मांग की। एसपी के निर्देश पर विक्षिप्त प्रेमनाथ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।