जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे लोधन मजरे हरदी टीकर गांव में गुरुवार शाम दहेज की खातिर एक विवाहिता को जिंदा जला दिया गया। मायका पक्ष का आरोप है कि बाइक, सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर मिट्टी का तेल डालकर बेटी को मार डाला गया है।
पति, ससुर, देवर के खिलाफ घटना की तहरीर दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जगतपुर थाना क्षेत्र के जिंगना गांव की रहने वाली मालती (21) की शादी एक साल पहले इसी थाना क्षेत्र के पूरे लोधन मजरे हरदीटीकर गांव निवासी राज बहादुर के साथ हुई थी।
राज बहादुर घर पर रहकर किसानी करता है। आरोप है कि शाम को ससुराल पक्ष के लोगों नेे मालती पर मिट्टी का तेल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मृतका का पिता राम विमल गांव पहुंचा। पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
पिता ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही बेटी से दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग की जा रही थी। दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी को जलाकर मार डाला है। थानेदार कमलेश पांडेय का कहना है कि विवाहिता की जलकर मौत हुई है।
मायका पक्ष ने दहेज की खातिर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पति, देवर, ससुर के खिलाफ तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करके मामले में कार्रवाई की जाएगी।