शिवगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक की खातिर एक विवाहिता की जिंदा जलाकर मार डाला गया। मृतका की इसी साल अप्रैल में शादी हुई थी। सीओ महराजगंज ने मामले की पड़ताल की। पुलिस ने पति समेत तीन ससुरालीजनों के खिलाफ केस दर्ज करके आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
हालांकि ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने आग लगाकर स्वयं जान दी है। लखनऊ जिले के नगराम थाना क्षेत्र के अमवा मुर्तजा गांव की रहने वाली राजरानी (25) की शादी इसी साल 29 अप्रैल को शिवगढ़ थाना क्षेत्र के शुक्लन का पुरवा मजरे दहिगवां गांव निवासी विनोद कुमार के साथ हुई थी।
विनोद घर पर रहकर किसानी करता है। रात में राजरानी संदिग्ध हालात में झुलस गई। उसे सीएचसी के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत की सूचना पर पिता हनुमान प्रसाद घटनास्थल पर पहुंचा। सीओ महराजगंज कमलेश सोनी, थानेदार हंसराज यादव फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की।
पिता ने थाने में तहरीर देकर लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की खातिर बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी। बाइक की मांग पूरी न होने पर बेटी को जलाकर मार दिया गया है।
सीओ का कहना है कि पिता की तहरीर पर पति विनोद कुमार, ससुर रामकुमार और सास ननकई के खिलाफ केस दर्ज कर तीनों को हिरासत में लेकर घटना की बाबत पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। उधर, पति का कहना है कि पत्नी किसी बात से खफा होकर उसने स्वयं आग लगाकर आत्महत्या की है।