जगतपुर थाने से चंद कदम दूरी पर नकाबपोश बदमाशों ने शुक्रवार रात चौकीदार को बंधक बनाकर सराफा समेत दो दुकानोें से तीन लाख रुपये की नकदी व सामान लूट लिया। विरोध करने पर चौकीदार की धुनाई भी की। बदमाश कहर बरपाते रहे, वहीं मुस्तैदी के नाम पर खोखला दावा करने वाली पुलिस सोती रही।
शोरगुल के बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। वारदात से व्यापारियों में गुस्सा भी है। तहरीर पर पुलिस केस दर्ज करके वारदात की जांच कर रही है। जगतपुर कस्बा निवासी रामरतन की सराफा की दुकान लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पर है। देर शाम को रामरतन दुकान बंद कर घर चला गया।
रात में जीप पर सवार छह लोग पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर रखे 35 हजार रुपये नगदी, दो किलो चांदी और 25 ग्राम सोने के जेवर के अलावा अन्य सामान बटोर लिया। इसके बाद जगतपुर कस्बा निवासी दलजीत सिंह की धान व गेहूं खरीद की दुकान पर पहुंचे।
यहां पर चौकीदार छबूंदी सोनी की कनपटी पर तमंचा लगाकर उसको बंधक बना लिया और दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखे 22 हजार रुपये नगद लूट लिए। यही नहीं चिल्लाने पर चौकीदार की पिटाई भी की। थाने से चंद कदम दूरी पर लूट की वारदात ने खाकी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है।
करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच के नाम पर महज खानापूरी करती नजर आई। थाने के निकट हुई घटना से लोगों में हड़कंप है। सभी ने घटना का खुलासा किए जाने की मांग की है। एसओ अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि वारदात की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द खुलासा होगा।
बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए जिले में शुरू की गई यूपी डॉयल 100 की व्यवस्था महज मजाक बनकर रह गई है। रात में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर कस्बों व चौराहों पर। बावजूद जगतपुर कस्बे में बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दे दिया।
इससे सवाल ये उठता है कि आखिर यूपी डॉयल 100 पुलिस कहां थी। यही नहीं सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंचती है। पुलिस की ढिलाई से क्षेत्रीय लोगों में जबरदस्त नाराजगी व्याप्त है।
चोरों ने शुक्रवार रात आईटीआई फैक्ट्री के पास सराफा की दुकान से ढाई लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। सुबह दुकानदार को चोरी की वारदात की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। वारदात से क्षेत्रीय व्यापारियों में नाराजगी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के बालापुर निवासी राजेश कुमार सोनी की आईटीआई चौराहा पर सराफा की दुकान है। रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर राजेश घर चला गया था। रात में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए।
जहां पर चोरी हुई है, वहां पर पुलिस रात्रि गश्त करती है। बावजूद चोरी हो जाना रात्रि गश्त की कलई खोल रहा है। दुकानदार का कहना है कि करीब ढाई लाख रुपये की चोरी हुई है। मिल एरिया थानेदार विमल सिंह का कहना है कि चोरी की घटना की जांच कराई जा रही है। दावा है कि, जल्द चोरों को पकड़कर चोरी के जेवरात बरामद कर लिए जाएंगे।