हरिद्वार एक्सप्रेस में सफर कर रही दो महिला यात्रियों का सामान लेकर उच्चके चलती ट्रेन से कूद गए। इससेे यात्रियों में हड़कंप मच गया। मुसाफिरों ने मामले की तहरीर जीआरपी रायबरेली को दी। जीआरपी ने केस दर्ज कर चोरों ने की तलाश शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर जिले के कोतवाली सदर क्षेत्र के खलील सर्की निवासी कमला बाजपेई किसी काम से इलाहाबाद गई थी। गुरुवार की रात हरिद्वार एक्सप्रेस से वापस घर जा रही थी। वह ट्रेन के एस-3 कोच में सवार थी। बताते हैं कि देर रात उच्चकों ने उसका बैग पार कर दिया।
थोड़ी देर बाद प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के निकट इसकी जानकारी होने पर महिला ने शोर मचाना शरू कर दिया। यात्रियों के साथ कोच में इधर-उधर तलाश भी की, लेकिन न तो बैग मिला और न ही उचक्कों का कहीं कोई पता नहीं चला। महिला के मुताबिक बैग में 300 रुपये, मोबाइल और कुछ अन्य सामान था।
इसी दौरान ट्रेन के एस-2 कोच में सवार मुरादाबाद जिले के जामा मस्जिद की रहने वाली यासमीन का बैग भी किसी ने चोरी कर लिया। वह किसी केस के सिलसिले में इलाहाबाद हाईकोर्ट गई थी। यासमीन ने बताया कि चोरी गए बैग में पांच हजार रुपये, मोबाइल और कोर्ट से संबंधित दस्तावेज रखे थे।
जीआरपी थानेदार मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है।