लालगंज-रायबरेली मार्ग पर सुल्तानपुरजाला गांव के निकट शुक्रवार को दुर्घटना में बैंक के फील्ड अफसर की मौत हो गई। जबकि दूसरा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
बिहार के पटना जनपद के खगोल थाना क्षेत्र के छोटी बदलपरा निवासी निवासी रविकांत गुप्ता बैंक ऑफ बड़ौदा की सरेनी शाखा में फील्ड अफसर थे।
जबकि रायबरेली निवासी अमित क्लर्क तैनात हैं। दोनों बैंक से रायबरेली स्कूटी से जा रहे थे। सुल्तानपुरजाला गांव के निकट ट्राॅली पलटी हुई थी। जिस पर लदी बल्लियां सड़क में बिखरी थीं। बैंक कर्मियों की बाइक बल्लियों से टकरा गई। हादसे में फील्ड अफसर रविकांत गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी घायल क्लर्क को जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
वहीं जिले में होने वाली मौतों के मामले में दो युवकों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पहली घटना गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह नीम के पेड़ से अंगोछे से उसका शव फंदे पर लटकता पाया गया।
उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कोडर मजरे सतांव निवासी प्रमेंद्र (28) घर पर ही रहता था। सुबह गांव के बाहर स्थित नीम के पेड़ से अंगोछे के सहारे उसका शव लटकता मिलने से हड़कंप मच गया।
थानेदार का कहना है कि परिवारीजनों ने भी घटना की बाबत कुछ नहीं बताया है। वहीं लालगंज क्षेत्र के जगतपुर रामगढ़ी गांव में शुक्रवार की देर शाम खीरों थाना क्षेत्र के चिखड़ी मजरे अजीतपुर गांव निवासी शिवबालक उर्फ लाला (24) पुत्र पुत्तीलाल का शव जगतपुर रामगढ़ी गांव के बाहर स्थित एक बबूल के पेड़ से लटकता मिला।
सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक गहिरी गांव का मूल निवासी है।