बेलदार रामसरन तिवारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी नीरज नेपाली अभी तक सलाखों से दूर है। वहीं सदर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को संरक्षण देने के मामले में उसके पिता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
पुलिस का दावा है कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिशें दी जा रही हैं। कुछ अहम सुराग मिले। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
सदर कोतवाली क्षेत्र में कैनाल रोड स्थित सिंचाई विभाग में तैनात बेलदार की इसी साल हत्या कर दी गई थी। काफी खींचतान के बाद पुलिस ने वारदात का खुलासा कर दिया था। कई आरोपी पकड़े जा चुके थे, लेकिन मुख्य आरोपी नीरज नेपाली अब तक पकड़ा नहीं जा सका है।
सदर कोतवाल कमलेश पांडेय ने पुलिस टीम के साथ फिरोज गांधी कॉलोनी स्थित मुख्य आरोपी के घर छापा मारा। पुलिस को मुख्य आरोपी नहीं मिला। पुलिस ने मौके से उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल का कहना है कि मुख्य आरोपी के पिता योगेंद्र सोनी निवासी फिरोज गांधी कॉलोनी को जेल भेजा गया है। वह मुख्य आरोपी एवं अपने बेटे को संरक्षण दे रहा है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कोर्ट ने नीरज नेपाली को भगोड़ा घोषित कर दिया गया है। जल्द उसकी गिरफ्तारी के लिए ईनाम घोषित किया जाएगा।