बछरावां थाना क्षेत्र में बुधवार को एक किसान को फावड़े से काट डाला गया। घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब वह धान की बेड़न डालने के लिए खेत की जुताई कर रहा था। दिनदहाड़े हुए इस मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गई। एएसपी राममूरत यादव, सीओ प्रभात कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही मां-बेटे ने मिलकर किसान की हत्या की। घटना से परिवारीजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें शांत कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसमें आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मां की तलाश की जा रही है।
शेषपुर समोधा निवासी बाबादीन (60) पुत्र पंचम सुबह धान की बेड़न डालने के लिए अपने खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान गांव का रामअचल और उसकी मां पार्वती देवी खेतों में पहुंच गयी। पुरानी रंजिश के कारण खेत जोत रहा बाबादीन दोनों को देखकर चौंक गया। जब तक किसान कुछ समझ पाता, तब तक रामअचल ने बाबादीन पर फावडे़ से हमला बोल दिया। मां ने उसका सहयोग किया। किसान पर कई बार फावड़े से हमला किया गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण किसान की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मां-बेटे भाग गए। ग्रामीणों ने घर वालों और पुलिस को सूचना दी। वारदात की सूचना पर परिवारीजन और एएसपी के साथ एसओ आरपी रावत फोर्स के साथ गांव पहुंचे। मृतक के भाई सतगुरु ने बताया कि एक वर्ष पहले उसके भाई से गांव के लोगों से फसल चराने को लेकर विवाद हुआ था। इसमें पुलिस ने आरोपी रामअचल को पकड़कर कार्रवाई की थी। इसी रंजिश को लेकर सुबह खेत जोत रहे भाई पर रामअचल व उसकी मां ने हमला बोल दिया। भाई की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एएसपी ने बताया कि रंजिश में किसान की हत्या की गई है। इसमें रामअचल को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि महिला फरार है, जिसकी धरपकड़ के लिए प्रयास किया जा रहा है।