एक सप्ताह पहले रात में खेतों में पानी लगाने गए किसान का शव सोमवार को देर शाम डोमापुर गांव के निकट माइनर में पड़ा मिला। मृतक के पिता ने भट्ठा संचालक समेत पांच लोगों पर रुपये के लेन-देन को लेकर पुत्र का अपहरण कर हत्या कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शव मिलने के बाद हत्या की पुष्टि हो गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जरूरी लिखापढ़ी कर रही है। इस मामले में पुलिस ने भट्ठा संचालक समेत चार को हिरासत में ले रखा है। जबकि एक फरार है।
केशरी का पुरवा मजरे लोदीपुर उतरावां गांव निवासी जयकरन यादव (45) पुत्र सीताराम यादव 28 सितंबर की रात खाना खाकर खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकला था। किसान के खेत गांव के बाहर स्थित भट्ठे के पास है। खेत में पानी लगाने के लिए निकला जयकरन वापस घर नहीं लौटा।
परिवारीजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। 29 सितंबर को पिता ने पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 1 अक्तूबर की शाम युवक का खून से सना गमछा व चप्पल भट्ठे के पास मिलने के बाद पिता ने गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र घाटमपुर गांव निवासी मनोज पासवान, पवन, भर्रापुर मजरे भीरागोविंदपुर निवासी राकेश कुमार, लोदीपुर उतरावां गांव निवासी बचोले उर्फ धीरेंद्र व राघव पर पुत्र का अपहरण करके उसकी हत्या करने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
सोमवार शाम करीब आठ बजे उस समय जयकरन के परिवार में हड़कंप मच गया जब गांव के ही कुछ लोगों ने आकर बताया कि डोमापुर गांव के निकट माइनर में जयकरन का शव पड़ा हुआ है। ग्रामीणों के साथ घर के लोग मौके पर पहुंचे और जयकरन की लाश को देखकर बिलख पड़े।
पिता-पुत्र समेत सभी ने जयकरन की शिनाख्त कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और जरूरी लिखापढ़ी शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि मामला पूरी तरह से हत्या का है। संबंधित धाराओं में मामले को परिवर्तित कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पिता सीताराम ने बताया कि उसका स्वयं का ट्रैक्टर था। ट्रैक्टर जयकरन ने गांव में स्थित गंगा ब्रिक फील्ड नाम के भट्ठे में किराए पर लगा रखा था। भट्ठा मालिक ने ट्रैक्टर का भाड़ा नहीं दिया था। ट्रैक्टर का करीब डेढ़ लाख रुपये भाड़ा बकाया था।
भट्ठा मालिक व पुत्र के बीच रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। ट्रैक्टर लोन लेकर लिया गया था और उस पर बकाया बढ़ गया था। लोन समय से न जमा हो पाने के कारण फाइनेंस कंपनी ने ट्रैक्टर खींच लिया था। लेन-देन की यही वजह जयकरन की मौत का कारण बताई जा रही है।