तीन दिन से लापता शामली के एक युवक का शव पश्चिमी यमुना लिंक नहर में गांव खुबडू झाल में मिला है। वह जिले के लौहारी गांव में अपनी बुआ के घर रहता था और दोस्तों के साथ घूमने गया था। परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप उसके दोस्तों पर लगाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से इस्सोपुर टील, शामली निवासी अमित (18) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पश्चिमी यमुना लिंक नहर में खुबडू झाल में मिला है। अमित के पिता रामपाल ने बताया कि उनका बेटा एक माह से अपनी बुआ त्रिशला के पास गांव लौहारी में रह रहा था। वह गोहना मोड़ स्थित बिजली की एक दुकान पर काम करता था। शुक्रवार को गांव लौहारी के बिजेंद्र, प्रदीप, सुमेर, गांव मांडी का अजय, प्रदीप उर्फ पप्पू निवासी सैनी कॉलोनी ने उसे फोन कर दुकान से बुलाया। परिजनों का आरोप है कि पांचों युवकों ने गांव बिंझौल के पास यमुना लिंक नहर पर अमित को शराब पिलाई और उसके बाद नहर में धक्का दे दिया। उन्होंने अमित से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नहीं हुआ। उन्होंने अमित के दोस्तों से इस बारे में पूछा, लेकिन वह उन्हें टहलाते रहे। परिजनों ने पुलिस पर भी मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
तीन दिन पहले लापता हुए युवक का शव नहर में खुबडू झाल में मिला है। परिजन युवक की हत्या का आरोप पांच युवकों पर लगा रहे है। पुलिस पांचों युवकों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।