सदर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड पर कप्तान का पुरवा मोड़ के पास रहने वाले मकदूम, शेरअली गुरुवार की रात अपने-अपने घरों के बाहर सो रहे थे। इसी बीच चोर सेंध लगाकर घरों के अंदर घुस गए।
वहां से जेवर, नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद पड़ोस के एक अन्य घर में चोरी की। चोर तीनों घरों से करीब 30 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक शोभवापुर निवासी किसान गया प्रसाद परिजनों के साथ दीनगंज अपने गांव चला गया था। घर में ताला बंद था। इसी बीच चोर ताला तोड़ कर घर में घुसे और 1.10 लाख रुपये का सामान पार कर दिया।
इसके बाद चोरों ने गांव के हरिशंकर की साइकिल की दुकान को निशाना बनाया और 50 हजार का सामान लेकर भाग गए। यही नहीं गांव के ही लल्लू यादव के दरवाजे पर लगी पानी की मोटर भी चोर चुरा ले गए।
कोतवाल ओपी यादव ने बताया कि तीनों मामलों की जांच चल रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
फुरसतगंज में पूरे बिंधा मजरे सैंबसी निवासी दुखीलाल यादव इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी (इग्रुआ) में माली के पद पर तैनात है।
रात को परिवार के लोग सो रहे थे। इसी बीच चोर दीवार काट कर घर में घुस गए। वहां रखे करीब दो लाख रुपये के जेवर, नगदी और पीतल के बर्तन लेकर भाग निकले।
इसी रात चोरों ने पूरे हिमांचल मजरे जमालपुर रामपुर गांव में रामबक्श के घर में भी चोरी की। घर का ताला तोड़ कर वहां रखा पांच हजार रुपये का अनाज पार कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।