सदर कोतवाली क्षेत्र के टेड़ही पुलिया के समीप बदमाशों ने सरेराह असलहों के बल पर पशुपालक से तीस हजार रुपये लूट लिए। विरोध पर बदमाशों ने किसानों और उसके साथियों की पिटाई भी की।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के बड़ा गांव बसहा निवासी गुडडू शुक्रवार को मवेशी बेचने दुबग्गा बाजार आया था। मवेशी बेचकर दोपहर बाद वह गांव के ही रज्जू और महेश के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। इस बीच इंदिरावन पार्क के निकट बाइक सवार तीन बदमाशों ने असलहों के बल पर तीनों को रोक लिया। बदमाश सभी की तलाशी लेने लगे। तलाशी का विरोध होता देख तीनों की पिटाई भी कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर बदमाश गुडडू से पशु बिक्री के तीस हजार रुपये लूट ले गए और फरार हो गए। मामला दो थाना क्षेत्रों के बार्डर का होने के नाते भुक्तभोगी पुलिस के चक्कर लगाते रहे। मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।