हरचंदपुर थाना क्षेत्र में लापता एक गल्ला व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में एक ग्राम प्रधान समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
सीओ सदर के मुताबिक, पूछताछ में इन आरोपियों ने व्यापारी की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात कबूली है। इनकी निशानदेही पर शव की तलाश की जा रही है। घटना की वजह अभी सामने नहीं आई है।
हरचंदपुर के कठवारा निवासी राकेश कुमार उर्फ राजू गुप्ता गल्ला व्यापारी था। मंगलवार की शाम राजू लापता हो गया। परिवारीजनों की सूचना पर पुलिस हरकत में आई।
बुधवार की देर शाम पुलिस ने एक ग्राम प्रधान समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ सदर सत्यपाल सिंह ने बताया कि गल्ला व्यापारी की गोली मारकर हत्या की गई है।
हिरासत में लिए गए प्रधान समेत चार लोगों ने व्यापारी की हत्या किए जाने की बात कबूली है। शव की तलाश की जा रही है। वहीं व्यापारी की हत्या की भनक लगने से ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।