फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र पर तमंचे के बल पर लूटे 75 हजार

Mon, 26 Sep 2016 11:56 PM IST
रायबरेली/ अमर उजाला ब्यूराे
विज्ञापन
रायबरेली में सोमवार को सलोन कोतवाली क्षेत्र में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में हुई लूट के बाद लगा लोगों का मजमा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सलोन कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को नकाबपोश बदमाशों ने एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र पर धावा बोला। काउंटर के अंदर घुसकर काम कर रहे ऑपरेटरों को धमकाया और तमंचे के बल पर 75 हजार रुपये लूट लिए।
विज्ञापन


शोरगुल पर आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर बाइकों से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन तब तक वह दूर जा चुके थे। दिनदहाड़े हुई वारदात से हड़कंप मच गया। ऊंचाहार में हुई एसबीआई की शाखा में लाखों रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा हो नहीं पाया था कि एक बार फिर बदमाशों ने पुलिस की सुरक्षा को धता बताते हुए वारदात को अंजाम दिया।

सलोन कोतवाली क्षेत्र के लालापुर में भारतीय स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र भवानीपुर है। केंद्र का प्रभारी शिवराम साहू सुबह लखनऊ गया हुआ था। केंद्र में ऑपरेटर विनोद मौर्या और भवनलाल मौर्य धन की जमा-निकासी कर रहे थे। करीब 15 ग्राहक केंद्र पर मौजूद थे।
विज्ञापन


इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बदमाश बिना किसी से बात किए हुए काउंटर के अंदर घुस गए। इससे पहले कि दोनों ऑपरेटर कुछ समझ पाते, दो बदमाशों ने उनकी कनपटी पर असलहा तान दिया।

वहीं एक बदमाश गेट के बाहर खड़ा होकर ग्राहकों को चुप रहने की धमकी देने लगा। असलहा ताने दोनों बदमाशों ने ऑपरेटरों से 75 हजार रुपये छीने और भाग निकले। शोरगुल पर आसपास के लोगों ने बाइकों से बदमाशों को पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आए।

दहशत के चलते ऑपरेटर शटर गिराकर भाग खड़े हुए। वारदात की सूचना पर सीओ अवधेश पांडेय, सलोन कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना की बाबत पूछताछ की।

गौरतलब है कि शनिवार रात ऊंचाहार में एसबीआई शाखा में 16.50 लाख रुपये की चोरी हुई थी। उसका खुलासा नहीं हो पाया कि बदमाशों ने एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाया। सीओ का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जल्द बदमाश पकडे़ जाएंगे।

एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र में लूट की घटना से 100 नंबर पर जानकारी देने वाली व्यवस्था की भी कलई खुल गई। ऑपरेटरों का कहना है कि 100 नंबर पर घटना की सूचना देने के लिए नंबर डायल किया गया, लेकिन फोन नहीं मिला। इसके बाद डीएम को फोन मिलाया तो उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें