बाइकों पर भी फर्राटा भरेंगी यूपी-100 की पुलिस टीमें
रायबरेली। यूपी-100 सेवा अब और हाईटेक होने जा रही है। अभी तक चार पहिया पीआरवी पर तैनात पुलिस टीमें ही मुस्तैद थीं मगर अब जल्द ही बाइकों पर भी यूपी-100 की पुलिस टीमें मदद को तत्पर होंगी। फरवरी के अंतिम सप्ताह तक इस नई व्यवस्था का संचालन यहां शुरू करने का खाका तैयार किया गया है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर इस नई व्यवस्था को अमलीजामा पहनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। हर थाने से सिपाहियों व होमगार्डों की सूची भी मांग ली गई है। खास बात ये है कि रायबरेली के साथ-साथ ये सुविधा लखनऊ रेंज के उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ समेत अन्य जिलों में एकसाथ शुरू होगी।
तत्कालीन सपा सरकार ने यूपी-100 सेवा का संचालन किया था। पुलिस लाइंस कार्यालय में यूपी-100 का कार्यालय बनाया गया है। यहीं से पूरी व्यवस्था का संचालन होता है। शहर से लेकर हर थाना क्षेत्र में पीआरवी (चार पहिया गाड़ी) तैनात की गई है। कहीं पर भी मारपीट, हत्या, लूट समेत अन्य वारदातों की सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचते हैं। इसका फायदा भी देखने को मिल रहा है। अब इसे और हाईटेक बनाने के लिए चार पहिया वाहनों के साथ-साथ बाइकों से भी आम जनता की सुरक्षा का सहारा लिया जाएगा। पुलिस अफसरों की मानें तो पहले फेज में रायबरेली के साथ-साथ लखनऊ रेंज के सभी जिलों में ये सुविधा शुरू होगी। अगले माह लखनऊ में ही इन जिलों के पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके तहत उन्हें इस नई व्यवस्था से पुलिसिंग के बारे में जानकारी दी जाएगी। पुलिस अधिकारी बताते हैं कि इन जिलों में ये व्यवस्था सफल होने पर इसे यूपी के अन्य जनपदों में शुरू करने की योजना है।
अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह ने बताया कि, प्रथम चरण में रायबरेली समेत लखनऊ रेंज के सभी जिलों में यूपी-100 की ये नई व्यवस्था शुरू होगी। जिले को 25 नई बाइकें मिलेंगी और इन पर पुलिसिंग के लिए 86 सिपाही व 86 होमगार्डों की तैनाती होगी। फरवरी के शुरुआती सप्ताह में पुलिसकर्मियों को लखनऊ में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस व्यवस्था से पुलिसिंग और बेहतर होगी।