पुलिस चौकी के पास किसान को पीट लूटे 11 हजार रुपये
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में शनिवार रात मुंशीगंज पुलिस चौकी के पास एक किसान को पीटकर बदमाशों ने 11 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने मुंशीगंज चौकी में घटना की तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे वंशीवाद गांव निवासी गोवर्धन सिंह का आरोप है कि शनिवार को वह अपनी बहन के गांव बेंद आया था।
रात में साढ़े आठ बजे बाइक से घर जा रहे थे। बेंद नाला के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रोका। पहले मारपीट की और फिर 11 हजार रुपये लूट लिए। रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर नई मुंशीगंज पुलिस चौैकी के पास हुई वारदात से हड़कंप मच गया। मुंशीगंज चौकी इंचार्ज लक्ष्मी नारायण द्विवेदी का कहना है कि लूट की वारदात नहीं हुई है। दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। जांच कराई जा रही है।