गदागंज थाना क्षेत्र के सुदामापुर चौराहा पर शुक्रवार की रात बदमाशों ने एक शराब की दुकान पर धावा बोल दिया। तमंचे की बट से सेल्समैन की पिटाई करके 50 हजार रुपये लूट लिए। यही नहीं शोरगुल पर ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच कीे। इस दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस ने एक बाइक बरामद की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गदागंज थाना क्षेत्र के खत्री भीट मजरे जलालपुर गांव निवासी राकेश कुमार की सुदामापुर चौराहा पर शराब की दुकान है। पूरे गड़रियन मजरे सुदामापुर गांव निवासी अमरपाल यादव सेल्समैन है। रात में दुकान पर सेल्समैन था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने धावा बोल दिया।
इससे पहले कि सेल्समैन कुछ समझ पाता, बदमाशों ने लूटपाट करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर तमंचे की बट से पीटकर सेल्समैन को घायल कर दिया। सेल्समैन ने शोरगुल मचाया तो बदमाश भागे।
पूरे शिवदत्त गांव निवासी हरिश्चंद्र यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने बदमाशों को रोकना चाहा। पकड़ने के लिए काफी देर तक दौड़ाया, लेकिन नहीं पकड़े गए। इस पर बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग करना शुरू कर दिया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई।
गनीमत रही कि गोली किसी ग्रामीण को नहीं लगी। सूचना पर पुलिस पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से एक बाइक बरामद की। माना जा रहा है कि बाइक लुटेरों की है, जो ग्रामीणो से बचने के लिए वाहन छोड़कर भाग गए। थानेदार हंसराज यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जल्द रिपोर्ट दर्ज होगी और बदमाश गिरफ्त में होंगे।